जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित अभियान लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। विदिशा जिले के ग्राम आमखेड़ा सूखा में भी इस योजना का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

गांव की महिलाओं और युवतियों को अब पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती, जिससे उनके समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। ग्राम आमखेड़ा सूखा निवासी श्रीमती सिया बाई बताती हैं कि पहले उन्हें पानी के लिए नदी, तालाब और हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था। प्रतिदिन जल भरने में काफी समय और मेहनत लगती थी। कई बार पानी की उपलब्धता को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

लेकिन अब जल जीवन मिशन के तहत घर में नल कनेक्शन मिलने से उनकी यह समस्या पूरी तरह दूर हो गई है। श्रीमती सिया बाई कहती हैं, पहले पीने और घरेलू जरूरतों के लिए पानी लाने में काफी समय लगता था। अब घर में ही नल से पानी मिलने लगा है, जिससे जीवन बहुत आसान हो गया है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद करती हूं।

इसी ग्राम की सुश्री सोनिका साहू भी योजना से लाभान्वित हुई हैं। वे बताती हैं कि पहले गांव में पानी की समस्या गंभीर थी और पानी लाने के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। नल जल योजना लागू होने के बाद अब हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है, जिससे पूरे गांव को लाभ मिला है। सुश्री सोनिका साहू के अनुसार, अब पानी के लिए कहीं दूर नहीं जाना पड़ता।

घर में ही नियमित रूप से पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे समय की बचत हो रही है और मैं अपना अधिक समय सिलाई सीखने में दे पा रही हूं। पहले पानी की व्यवस्था में ही काफी समय खर्च हो जाता था, लेकिन अब मैं अपने कौशल विकास पर ध्यान दे रही हूं।

जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम आमखेड़ा सूखा में पेयजल की सुविधा सुलभ होने से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आया है। विशेषकर महिलाओं और युवतियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला है। घर-घर नल से जल पहुंचने से न केवल शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, समय की बचत और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी नई राह मिली है।