सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विदिशा ज़िले की सिरोंज नगरपालिका में आकर्षणम् जन कल्याण समिति भोपाल के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। नगरपालिका क्षेत्र में दो कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत ज़िले के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जीवन-संघर्षों और एक योद्धा के रूप में उनके उभरने की साहसिक गाथा को प्रस्तुत किया गया।
इसमें वाइब्रेंट गुजरात और ज्योतिग्राम जैसी अनूठी एवं सफल योजनाओं का भी समावेश है। आतंकवाद के विरुद्ध कभी न झुकने वाले उनके प्रखर और निर्भीक तेवर तथा हर चुनौती में राष्ट्र को सर्वोपरि रखने और देश सेवा को सर्वोच्च मानने का भाव नाटक का मुख्य स्वर रहा।
प्रस्तुति में कुल 13 कलाकारों ने अभिनय किया। मुख्य भूमिकाओं में सौम्या, मुस्कान, रोहिणी, प्रिंस, साहिल, सुरेश, अमन, शुभम और अन्वी ने अपने सहज एवं प्रभावी अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन प्रिया सिंह परिहार ने किया। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने दोनों प्रस्तुतियों को ध्यानपूर्वक देखा और कलाकारों की सराहना की।




