कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शनिवार को बरघाट विकासखंड के आंगनवाड़ी केंद्र बम्होड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में दर्ज एवं उपस्थित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली तथा बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने बच्चों से गिनती सुनी और सही उत्तर देने पर उनका उत्साहवर्धन किया।कलेक्टर श्रीमती मीना ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे नाश्ते एवं भोजन की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा पोषण आहार वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कुपोषित बच्चों के परिजनों एवं गर्भवती महिलाओं से चर्चा कर उनके पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
साथ ही गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र से मिलने वाली सेवाओं के संबंध में महिलाओं से फीडबैक भी लिया।
उन्होंने केंद्र परिसर में स्थापित पोषण वाटिका का अवलोकन करते हुए इसके नियमित रखरखाव एवं उपयोग के संबंध में जानकारी ली।इस अवसर पर जिले में संचालित नवाचार ‘स्नेह परिधान अभियान’ के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को ड्रेस का वितरण किया गया। कलेक्टर ने बच्चों को ड्रेस वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




