मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज धार जिले में उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं परियोजना संचालक आत्मा समिति कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद शासकीय कृषि प्रक्षेत्र फार्म का भ्रमण कर सोयाबीन, तुअर सहित विभिन्न फसलों की स्थिति का अवलोकन किया गया। प्रक्षेत्र अधीक्षक को फसलों के बेहतर प्रबंधन के संबंध में आवश्यक तकनीकी सलाह दी गई। धार जिले के विकासखंड तिरला के ग्राम सलकनपुर में प्रगतिशील कृषक श्री तेजराम जाट के फार्म पर आत्मा परियोजना के माध्यम से राष्ट्रीय प्राकृतिक मिशन अंतर्गत स्थापित बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन किया गया।

यहां विभिन्न प्राकृतिक उत्पादों, जैसे जीवामृत एवं घन जीवामृत आदि के उपयोग के संबंध में उपस्थित कृषकों से चर्चा की गई। कृषकों द्वारा मुख्य फसल के साथ फसल विविधीकरण अपनाते हुए लहसुन, प्याज, आलू एवं अन्य सब्जीवर्गीय फसलों की खेती कर अच्छा लाभ अर्जित किया जा रहा है। इस पहल की जानकारी भी ली गई।

इसी क्रम में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, सलकनपुर का निरीक्षण किया गया। समिति प्रबंधक श्री मनीष ठाकुर से उर्वरक के अग्रिम उठाव की समीक्षा की गई। टॉप-20 बायर कृषक श्री लखन कामदार एवं श्री प्रकाश जाट से अधिक मात्रा में उर्वरक लेने के संबंध में तकनीकी चर्चा कर संतुलित उर्वरक उपयोग की सलाह दी गई। समिति में उपस्थित अन्य कृषकों को वर्तमान वर्षा की स्थिति को देखते हुए आगामी रबी मौसम में कम सिंचाई वाली फसलों चना, मसूर, सरसों, अलसी, कुसुम एवं चिया सीड्स की खेती अपनाने के संबंध में तकनीकी जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र इंदौर के प्राचार्य श्री एस.एस. चौहान, उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया, परियोजना संचालक आत्मा श्री के.एस. झणिया, अनुविभागीय अधिकारी श्री बसंत खडवाये, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री ए.के. सत्यार्थी सहित बीटीएम, एटीएम एवं एईओ उपस्थित रहे।