शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय किला भवन इंदौर में प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी के मार्गदर्शन में कैरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा छात्राओं को उद्योग जगत एवं उद्यमिता के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।

कैरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल की जिला नोडल कैरियर गाइडेंस डॉ. सीमा तिवारी के मार्गदर्शन में प्रकोष्ठ की 32 वॉलेंटियर्स को लघु उद्योग भारती, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित ‘ उद्यम समागम इंदौर ’ में एक्सपोजर विजिट के लिए गुरु अमरदास हॉल ले जाया गया।

इस दौरान छात्राओं ने उद्यम समागम में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित लघु उद्योगों, उद्यमियों एवं उनके उत्पादों का अवलोकन किया तथा लघु उद्योग भारती द्वारा किए जा रहे विभिन्न नवाचारों, उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए व्यवसाय प्रारंभ करने, कौशल विकास, स्वरोजगार तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।

एक्सपोजर विजिट के माध्यम से छात्राओं में उद्यमिता, आत्मनिर्भरता, नवाचार एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता विकसित हुई। छात्राओं ने इस विजिट को अपने करियर एवं भविष्य की संभावनाओं को समझने की दिशा में उपयोगी एवं प्रेरणादायक अनुभव बताया।

महाविद्यालय के कैरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा छात्राओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नवीन अवसरों से जोड़ने तथा उनके व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने की दिशा में निरंतर इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।