उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर सागर जिले के पथरिया हाट निवासी किसान श्री ऋषिराज अहिरवार ने टमाटर की खेती में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनकी सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। श्री ऋषिराज अहिरवार ने सरकारी परियोजना के अंतर्गत आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए अपनी पहली फसल के रूप में टमाटर की खेती की।

छह माह की अवधि में उन्होंने मेहनत, उचित प्रबंधन और विभागीय मार्गदर्शन के माध्यम से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया। उनकी फसल से लगभग 2500 किलोग्राम टमाटर का उत्पादन हुआ, जिसे बाजार में औसतन 12 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय किया गया। टमाटर उत्पादन से उन्हें 30 हजार रुपये की कुल आय प्राप्त हुई। खेती में बीज, खाद, सिंचाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों पर लगभग 5 हजार रुपये का व्यय हुआ।

इस प्रकार उन्हें 25 हजार रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। श्री ऋषिराज अहिरवार का कहना है कि उद्यानिकी विभाग के सहयोग एवं वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के कारण उन्हें अच्छा उत्पादन और लाभ मिला है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसान आधुनिक तकनीकों और विभागीय योजनाओं का लाभ लें तो कम लागत में भी बेहतर आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।