सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा सहयोग अभियान” के तहत 4 अक्टूबर को रतलाम स्थित वृद्धाश्रम, बिरियाखेड़ी एवं अपना घर प्रभु जी आश्रम, सागोद रोड, रतलाम में सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम से जुड़े छात्र-छात्राओं द्वारा दोनों संस्थानों में संचालित सेवा एवं पुनर्वास गतिविधियों का अवलोकन किया गया तथा सेवा कार्यों में सहभागिता की गई।
वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव एवं जीवन की स्मृतियों को साझा किया गया तथा उनके साथ समय व्यतीत किया गया। इस दौरान भोजन एवं फल वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण, मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ स्वच्छता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के सहयोग से वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इसके पश्चात अपना घर प्रभु जी आश्रम, सागोद रोड, रतलाम में पहुंचकर वहां निवासरत निराश्रित एवं मानसिक रूप से दिव्यांगजनों की देखभाल, सेवा, उपचार, भोजन, स्वच्छता एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। अपना घर संस्था का उद्देश्य निराश्रित एवं बेसहारा व्यक्तियों को आश्रय प्रदान कर उनकी सेवा, उपचार एवं देखभाल के माध्यम से उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना तथा यथासंभव समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। संस्था की गतिविधियों के अंतर्गत जरूरतमंद व्यक्तियों को सुरक्षित वातावरण, नियमित भोजन, स्वास्थ्य देखभाल एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
सेवा गतिविधि के दौरान निवासरत व्यक्तियों के साथ आत्मीय संवाद कर उन्हें फल वितरित किए गए तथा उनके साथ समय व्यतीत किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों एवं निराश्रितजनों के प्रति समाज में संवेदनशीलता, आत्मीयता एवं सेवा भावना को बढ़ावा देना तथा सेवा एवं पुनर्वास के माध्यम से उन्हें सम्मानजनक जीवन और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को समझना रहा। उपस्थित सभी लोगों ने सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने एवं जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया।


