मध्य प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं के स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए संचालित ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी कड़ी में दतिया जिले की निवासी श्रीमती निधि श्रीवास्तव के लिए यह योजना आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का नया माध्यम साबित हुई है। श्रीमती निधि श्रीवास्तव लाड़ली बहना योजना की पात्र हितग्राही हैं और उन्हें निरंतर इस योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है।
निधि बताती हैं कि उनके बैंक खाते में योजना की किस्तें नियमित रूप से आ रही हैं (हाल ही में 40वीं किस्त प्राप्त हुई)। हर महीने मिलने वाली यह आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बनी है। योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग निधि केवल घरेलू खर्चों तक सीमित नहीं रख रही हैं, बल्कि वे इसका सदुपयोग अपने सपनों को पूरा करने में कर रही हैं।
वे इस राशि से अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख पा रही हैं। अपने बच्चों की दैनिक ज़रूरतों और उनकी पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर रही हैं। निधि का कहना है कि अब उन्हें छोटी-मोटी ज़रूरतों या अपनी पढ़ाई के खर्च के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
योजना का लाभ मिलने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए निधि श्रीवास्तव ने मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से धन्यवाद किया। इससे प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बन रही हैं। इस कल्याणकारी पहल के लिए शासन का बहुत-बहुत धन्यवाद। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया

