सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ हाथीपावा पहाड़ी, झाबुआ से किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया तथा विशेष अतिथि प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह रहे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर हाथीपावा पहाड़ी पर वन विभाग एवं शिवगंगा के सहयोग से 2 हजार पौधे लगाए गए। पौधारोपण के साथ ही रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष हमें स्वच्छ वायु देने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा मंव महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाया जाएगा।

मंत्री सुश्री भूरिया ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे सेवा-संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारा दायित्व है। सामूहिक प्रयासों एवं जनसहभागिता से झाबुआ जिले को अधिक हरा-भरा एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में सार्थक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने हाथीपावा क्षेत्र का अवलोकन करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सतत गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथीपावा के पास अन्य पहाड़ी में भी पौधारोपण करने, हाथीपावा में स्वच्छता ड्राइव आयोजित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण और पहाड़ी क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि जिले में एक लाख पौधों के रोपण के निर्धारित लक्ष्य को विभागीय समन्वय एवं जनसहभागिता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अभियान के सकारात्मक एवं दीर्घकालिक परिणाम सुनिश्चित हो सकें।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, मुख्य वन सरंक्षक वन वृत इंदौर श्री पी एन मिश्रा, वन मंडलाधिकारी जिला झाबुआ श्री अमित वसंत निकम, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, वनमण्डलाधिकारी सामाजिक वानिकी वृत झाबुआ श्री हिमांशु त्यागी, शिवगंगा के श्री राजाराम कटारा, ग्राम वन समिति अध्यक्ष कालापीपल श्री रमेश मेडा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।