कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ अक्टूबर माह के शासकीय कार्यों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को अनुकम्पा नियुक्ति एवं विभागीय जांच से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करने तथा 100 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 3 से 5 अक्टूबर तक कलेक्ट्रेट में कार्यालय स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जांच दल गठित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने कार्यालय की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि समय के साथ कार्यप्रणाली में बदलाव हो रहा है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी नई तकनीकों और डिजिटल माध्यमों की जानकारी लेकर स्वयं को अपडेट रखें। उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को उचित मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
उन्होंने सभी से वर्ष में कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने, स्वयं एवं परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा सकारात्मक माहौल में कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल से जुड़ी कोई समस्या या अनुचित बात सामने आने पर उसे वरिष्ठ अधिकारी के संज्ञान में गंभीरता से लाएं और अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें।


