सीहोर के भोपाल नाका निवासी मेधावी छात्र रूपम बरेलिया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से कक्षा 12 वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत ई-स्कूटी खरीदने के लिए राशि प्रदान की गई है। यह सहायता रूपम के लिए आगे की पढ़ाई में सुविधा के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन का माध्यम बनी है।

रूपम बताते हैं कि उच्च शिक्षा के लिए नियमित रूप से आने-जाने की आवश्यकता होती है। ई-स्कूटी मिलने से कॉलेज, कोचिंग और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए आवागमन आसान होगा। इससे समय की बचत होगी और वे अपनी पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि ई-स्कूटी उनके लिए सुविधाजनक आवागमन का साधन होने के साथ आत्मनिर्भरता बढ़ाने में भी सहायक होगी। अब आवश्यकतानुसार समय पर शैक्षणिक संस्थान और अन्य स्थानों पर पहुंचना आसान होगा। योजना के तहत मिली यह सहायता उनके उच्च शिक्षा के लक्ष्य की दिशा में उपयोगी कदम है।

मेधावी छात्र रूपम बरेलिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्कूटी योजना विद्यार्थियों को शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस सहायता से उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए सुविधा मिली है और अपने लक्ष्य को हासिल करने का उत्साह भी बढ़ा है।