वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को तुलसी मानस भवन में देशभक्ति और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम के तहत 1750 से अधिक लोगों ने एक स्वर में संपूर्ण वंदे मातरम् का गायन किया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों एवं नागरिकों की सहभागिता से पूरा परिसर वंदे मातरम् के स्वरों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की रचना और ‘ आनंदमठ ’ के संदर्भ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वंदे मातरम् ने लोगों में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर देशभर में एक ही समय और एक स्वर में सामूहिक गायन की पहल लोगों को राष्ट्रभाव से जोड़ने वाली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में देश स्वतंत्रता की शताब्दी पूरी करेगा। विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। इसके लिए सामूहिक संकल्प और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मजयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को भी विशेष महत्व का बताया।
भारत माता के पूजन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता के पूजन-अर्चन से हुई। कार्यक्रम संयोजक एवं व्यवस्थापक धर्मेंद्र सिंह ममार ने वंदे मातरम् की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा इसकी 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विद्या भारती द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे सामूहिक गायन कार्यक्रम की जानकारी दी।
इसके बाद प्रख्याती राजपूत, शुभांगी गुप्ता एवं वैशाली पटेल के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों एवं नागरिकों ने संपूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। सामूहिक गायन के दौरान तुलसी मानस भवन में एक साथ गूंजते वंदे मातरम् के स्वर कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष श्री निरंजन सिंह पटेल, श्री धर्मेंद्र सिंह ममार, श्री मनीष कटारे, श्री अजय प्रताप सिंह, श्री सीताराम नामदेव, श्री सुनील कोठारी, श्री राम पटेल, श्री महंत प्रीतमपुरी, संस्था प्राचार्य श्री हरिओम शरण कोरी एवं प्रभारी प्रधानाचार्य श्री तुलसीराम पाराशर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सीएम राइज, उत्कृष्ट विद्यालय, एमएलबी, नेहरू विद्यालय, तलापार हाई स्कूल, सेंट मैरी कॉन्वेंट, चाणक्य विद्यालय, एनपीएस एवं अमर भारती सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थी एवं शिक्षक भी शामिल हुए।


