प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक मध्यप्रदेश में संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत वड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही युवाओं की सेवा संकल्प बाइक यात्रा का शुक्रवार को मुरैना जिले की सीमा पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन के साथ विदाई दी गई। यात्रा 24 एवं 25 सितम्बर को मुरैना जिले में रही और सबलगढ़ जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कैमारा कलां से श्योपुर जिले के लिए रवाना हुई।
यात्रा के जिले की सीमा से रवाना होने के अवसर पर मुरैना-श्योपुर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सरला रावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिले में यात्रा के आगमन पर विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा उत्साह एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। सबलगढ़ में सेवा संकल्प यात्रा के सदस्यों का पारंपरिक रूप से पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया तथा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया।
सबलगढ़ मुख्यालय पर सेवा संकल्प यात्रा के सदस्यों एवं उपस्थित जनसमुदाय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया एवं सुनवाया गया। इस दौरान युवाओं एवं ग्रामीणजनों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना तथा सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के संकल्प को आत्मसात करने का संदेश दिया।
सेवा संकल्प बाइक यात्रा के दौरान जिले में स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। यात्रा में शामिल युवाओं ने जनसहभागिता के माध्यम से सेवा कार्यों का संदेश आमजन तक पहुंचाया और समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
सबलगढ़ में स्वागत कार्यक्रम के पश्चात सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं द्वारा शहीद पार्क में पौधरोपण किया गया। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, उनके संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने सेवा, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक समरसता के प्रति जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया।
यात्रा में शामिल बाइक राइडर्स ने बताया कि सेवा संकल्प बाइक यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए गुजरात पहुंचेगी और निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ते हुए सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।
शुक्रवार को ग्राम पंचायत कैमारा कलां से यात्रा के श्योपुर जिले के लिए रवाना होने के साथ ही मुरैना जिले में सेवा संकल्प बाइक यात्रा का पड़ाव पूर्ण हुआ। जिले में यात्रा के दौरान हुए आत्मीय स्वागत और सेवा गतिविधियों ने ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को साकार करते हुए जनसहभागिता एवं सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।


