सेवा सेतु अभियान के तहत व्यौहारी जनपद पंचायत के वनांचल क्षेत्र में बसे ग्राम सरवाही कला में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीईओ जिला पंचायत एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में राजस्व, ग्रामीण विकास, विद्युत, श्रम, सामाजिक न्याय एवं जनजातीय कार्य विभाग से संबंधित कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 52 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरण, जिनका निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनका भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित हितग्राहियों को इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याएं शिविर में अधिकारियों के समक्ष रखने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना दें तथा जागरूक रहकर अपने अधिकारों का उपयोग करें।
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ दिव्यांग प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. शुक्ला एवं बीएमओ निशांत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया। साथ ही दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया भी शिविर में की गई, जिससे ग्रामीणों को प्रमाण-पत्र के लिए दूर जाने की आवश्यकता न पड़े।
योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ा गया
शिविर में बैगा अनुदान आहार एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की।
शिविर में ग्रामीणों ने राजस्व, बिजली, रोजगार, पेंशन, आवास सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री काजोल सिंह, डिप्टी कलेक्टर भागीरथी लहरे एवं गैलेक्सी नागपुरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री दुर्गेश तिवारी, श्री पुष्पेन्द्र सिंह, सरपंच श्रीमती संतोषी सिंह, सीईओ जनपद पंचायत कल्पना यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा आसपास की ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

