शासकीय पीएमश्री हाई स्कूल बड़वानी में सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता एवं सेवा चित्रकला प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी ज्योति पटेल, नगर महामंत्री लालू वास्कले एवं नगर कार्यालय मंत्री राजेन्द्र चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ शारदे के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
तत्पश्चात संध्या पुराणिक ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था प्रमुख संतोष मिश्रा ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं परिचय कराया। वरिष्ठ शिक्षक सुबोध मिश्र ने श्सेवा संकल्प अभियानश् के उद्देश्यों और संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं के रंग भरकर श्विकसित भारतश् की सुंदर झलक कैनवास पर उकेरी। वहीं भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने प्रधानमंत्री जी की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता मिशन, शौचालयों की स्वच्छता, हरा-भरा विद्यालय और हमारा परिवेश तथा साक्षरता मिशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने प्रभावशील विचार व्यक्त किए।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, मौलिक सोच और कलात्मक प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानपाठक सियाराम मोरे ने किया। अंत में संस्था की वरिष्ठ शिक्षिका शीला निगम ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।


